एनआरआई लड़की के किरदार में नजर आएंगी इलियाना डिक्रूज


तमिल और तेलगू फिल्मों की सुपर स्टार रह चुकी इलियाना डिक्रूज ने अनुराग बसु निर्देशित 'बर्फी' (2012) के जरिये बाॅलीवुड में डेब्यू किया था। इसमें उन्होंने साड़ी पहनने वाली एक बेहद सीरियस बंगाली पत्नी का किरदार निभाया था।  फिल्म में इलियाना डिक्रूज का काम इतना शानदार था कि उन्हें फिल्म के लीड में काम करने वाली प्रियंका चोपड़ा के मुकाबले ज्यादा प्रशंसा मिली थी । क्रिटिक्स ने तो अपनी प्रशंसा का सारा खजाना उन पर खोलकर रख दिया। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इलियाना ने अपनी पहली फिल्म में खूब वाहवाही बटोरी। 'बर्फी' (2012) के लिए इलियाना को बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवार्ड मिला। शाहिद कपूर के अपोजिट 'फटा पोस्टर निकला हीरो' (2013) इलियाना डिक्रूज की दूसरी बाॅलीवुड फिल्म थी। इसमें उन्होंने एक बेहद सिंपल सी लड़की काजल का किरदार निभाया था। काजल शाहिद कपूर के प्यार में पड़ जाती हैं और अपनी मस्ती भरी काॅमेडी से जबर्दस्त धमाल मचाती है।  'बर्फी' (2012) से पहले इलियाना डिक्रूज को सलमान की 'वांटेड' का आॅफर मिला था लेकिन साउथ में व्यस्तता के चलते वह उसे स्वीकार नहीं कर सकी थी। बाद में आयशा टाॅकिया को लिया गया।  डेविड धवन के निर्देशन में 'मैं तेरा हीरो' (2014) में इलियाना डिक्रूज वरूण धवन के अपोजिट एक काॅलेज गर्ल में थीं। उसके बाद वह गोविंदा और सैफ अली खान के अपोजिट 'हैप्पी एंडिंग' (2014) में नजर आईं।मुंबई में जन्मी इलियाना डिक्रूज की मां गोवा के एक पांच सितारा होटल में रिसेप्शनिस्ट थीं, इसलिए इलियाना को लगभग सात साल तक अपनी मां के पास गोवा में रहने का अवसर मिला। होटल मैंनेजर ने इलियाना की खूबसूरती से प्रभावित होकर उन्हें माॅडलिंग के लिए प्रेरित किया, उसके बाद इलियाना ने 2003 में कुछ रैम्प शोज में हिस्सा लिया। उसी दौरान इलियाना डिक्रूज को 'इलेक्ट्रोलक्स', 'इमामी टेल्क', 'फेयर एंड लवली' जैसे कुछ एड. में काम मिला। 2005 में तेलगू फिल्म 'तेजा' के लिए उनका आॅडीशन हुआ लेकिन बाद में वह प्रोजेक्ट खटाई में पड़ गया। साउथ के फिल्म निर्देशक वाई.वी.एस.चैधरी ने इलियाना डिक्रूज को तेलगू फिल्म 'देवदासू'(2008) के लिए लिया। इसके लिए इलियाना को साउथ की बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवार्ड मिला। उसके बाद उन्होंने 'पोकरी', 'जलसा', 'किक', 'जुलावी', 'केडी', 'खतरनाक', 'राखी', 'आता'  और 'मुन्ना'  जैसी तमिल, तेलुगू में बनी कामयाबी फिल्मों की झड़ी सी लगा दी। 
टीनू सुरेश देसाई की 'रूस्तम' (2016) में इलियाना डिक्रूज को अपने पति को धोखा देते हुए दूसरे शख्स के साथ शारीरिक संबंध बना लेने वाली अक्षय कुमार की बेवफा बीवी के किरदार निभाने का अवसर मिला। इस किरदार में उनकी एक्टिंग मैच्योरिटी देखते ही बनती थी। फिल्म के लिए इलियाना के काम की प्रशंसा करते हुए अक्षय कुमार ने कहा था कि उस किरदार को जिस रंग और समझ के साथ इलियाना ने निभाया, वह किसी दूसरी एक्ट्रेस के बस की बात नहीं थी। 
अनीस बज्मी की 'मुबारकां' (2017) में इलियाना अनिल कपूर और उनके भतीजे अर्जुन कपूर के साथ थीं। 'बादशाहो' (2017) और 'रेड' (2018) में वो अजय देवगन के अपोजिट थीं। 
इलियाना की एक और फिल्म 'पागलपंती' 22 नवंबर को रिलीज हो रही है। इसमें वह लंदन की बेहद बिंदास और आजाद ख्याल एन.आर.आई. लड़की के किरदार में जबर्दस्त धमाल मचाते हुए नजर आएंगी। अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह पहली बार जाॅन अब्राहम के अपोजिट नजर आएंगी।