अथिया शेट्टी की 'मोतीचूर चकनाचूर'


सुनील शेट्टी और माना शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी ने सलमान खान द्वारा निर्मित और निखिल आडवानी द्वारा निर्देशित 'हीरो' (2015) में सूरज पंचोली के अपोजिट मीनाक्षी शेषाद्रि वाला किरदार निभाते हुए अपने एक्टिंग कैरियर की शुरूआत की थी। मुंबई के उप नगर बांद्रा के एक जिम में सलमान की बहन अलविरा ने अथिया को देखकर सलमान को उनका नाम सुझाया था। तब सारी शुरूआती औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने अथिया को फिल्म के लिए सिलेक्ट किया।'हीरो' (2015) बाॅक्स आॅफिस पर ज्यादा नहीं चली जिसके कारण अथिया शेट्टी का आत्म विश्वास डगमगा गया था और वह डिप्रेशन में चली गईं थी लेकिन जल्दी ही वह अनीस बज्मी की काॅमेडी फिल्म 'मुबारकां' (2017) में बिजी हो गई।बांद्रा के अमेरिकन स्कूल से पढ़ाई करने वाली अथिया शेट्टी ने जयपुर घराने के गुरू वीरू कृष्णा से दो साल तक कत्थक सीखा। एक फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने की वजह से वह शायद बचपन से ही एक्ट्रेस बनना चाहती थीं। 12वीं करने के बाद अथिया ने न्यूयाॅर्क फिल्म एकेडमी ज्वाइन की। 'मुबारकां' (2017) में अथिया, अनिल कपूर, अर्जुन कपूर और इलियाना डिक्रूज के साथ एक ऐसी पंजाबी लड़की का रोल निभाया जो अपने पापा की लाड़ली है।यह फिल्म बाॅक्स आफिस पर ठीक ठाक रही। अथिया शेट्टी को इस इंडस्ट्री में चार साल हो चुके हैं और उनके पास दूसरी एक्ट्रेसों जितना काम नहीं है लेकिन जो भी काम उन्हें मिल रहा हैं, उसमें से भी वह सिर्फ बेस्ट चुन रही हैं। रेमो डिसूजा की 'नवाबजादे' (2018)  में अथिया ने सिर्फ एक स्पेशल सांग तेरे नाल नचना किया था जिसमें वह रैपर बादशाह के साथ नजर आईं थीं।  
इस तरह 'मुबारकां' (2017) के दो साल बाद अथिया शेट्टी की  एक और फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' 15 नवंबर को रिलीज हो रही है। टीवी शो राधा की बेटियां और लापता गंज की क्रिएटिव डायरेक्टर रह चुकी देबमित्रा हसन के निर्देशन में बनी इस वेडिंग काॅमेडी  में वह, नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अपोजिट, टिपिकल नार्थ इंडियन स्माॅल टाउन गर्ल के किरदार में नजर आएंगी। 
अथिया संजय ग्रोवर की फुटबाल पर बेस्ड एक फिल्म में अफशां आशिक नाम की मुस्लिम लड़की का किरदार निभा रही हैं। इस बायोपिक में 22 वर्षीय अफशां के जम्मू कश्मीर की सेना पर पत्थरबाजी करने वाली पत्थरबाज से फुटबाॅल टीम की गोलकीपर और कैप्टन बनने तक के सफर को दिखाया जायेगा।